EOW जबलपुर और सागर की टीम ने निवाड़ी और मंडला जिले में छापे मारे

EOW जबलपुर और सागर की टीम ने निवाड़ी और मंडला जिले में छापे मारे

जबलपुर | आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर और सागर की टीम ने निवाड़ी और मंडला जिले में छापे मारे हैं। आज सुबह निवाड़ी में जल संसाधन विभाग के रिटायर्ड टाइम कीपर और मंडला जिले में 2 सोसाइटी मैनेजर्स के ठिकानों पर छापे पड़े। दोनों मैनेजर्स भाई हैं। एक भाई के पास आय से 1100% अधिक खर्च और संपत्ति मिली है।

टीम ऐसे समय पहुंची, जब सभी अपने घरों में सो रहे थे। दरवाजे पर टीम को देखते ही सिट्‌टी-पिट्‌टी गुम हो गई। अब तक की जांच में तीनों के पास आय से अधिक संपत्ति पाई गई है। सर्च जारी है। रिटायर्ड टाइम कीपर, उसके बेटे के खिलाफ केस किया गया है। मंडला में दोनों मैनेजर भाइयों के साथ उनकी पत्नियों पर भी केस किया गया है।

मंडला में मैनेजर भाइयों के ठिकानों पर रेड...

EOW जबलपुर की टीम ने मंडला जिले के नैनपुर में दो भाइयों गणेश जायसवाल और राजू जायसवाल के मकान, गोदाम और दुकानों में सर्च कर रही है। दोनों सोसाइटी मैनेजर हैं। EOW SP जबलपुर देवेंद्र राजपूत ने बताया कि नैनपुर के रहने वाले गणेश जायसवाल और राजू जायसवाल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति जमा करने की शिकायत आई थी। राजू जायसवाल के पास अब तक आय से लगभग 1100% ज्यादा खर्च ओर प्रॉपर्टी मिली है। राजू और उसकी पत्नी संगीता के खिलाफ केस किया गया है।

राजू जायसवाल के पास अब तक इतनी प्रॉपर्टी की जानकारी मिली

इटका, नैनपुर, मंडला में दुकान और 5000 स्क्वायर फीट का गोदाम
चाकोरपुर पुरानी बस्ती में 1000 स्क्वायर फीट में बना मकान
मंडला-नैनपुर हाईवे किनाने दुकान और 3982 स्क्वायर फीट का गोदाम
अलग-अलग जगह 1500, 437, 1940, 4950, 4950, 2050 के प्लॉट
3 पिकअप वाहन
स्कूटर और बाइक
गणेश जायसवाल ने आय से 600% अधिक की संपत्ति बनाई

मंडला जिले के ही नैनपुर में समिति प्रबंधक गणेश जायसवाल के रेलवे स्टेशन कॉलोनी के पीछे मकान और इटका स्थित दुकान में सर्च की जा रही है। अब तक आय से 600% अधिक खर्च और संपत्ति मिली है। गणेश और उनकी पत्नी अनीता पर केस दर्ज किया गया है। गणेश जायसवाल समिति प्रबंधक राजू जायसवाल के भाई हैं।

अब तक की कार्रवाई में ये मिला

इटका में 1830 स्क्वायर फीट में मकान और दुकान
बड़ी खेरमाई के पीछे दुकान, मकान और 2260 स्क्वायर फीट का गोदाम
रेलवे स्टेशन कॉलोनी के पीछे 2798 स्क्वायर फीट में 2 मंजिल मकान
नया पिकअप वाहन
कार, स्कूटर और बाइक