मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में 5जी का शुभारम्भ श्री महाकाल महालोक से किया

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में 5जी का शुभारम्भ श्री महाकाल महालोक से किया

5जी टेक्नालॉजी का उपयोग गुड गवर्नेंस के लिये करेंगे - मुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में 5जी का शुभारम्भ श्री महाकाल महालोक से किया

उज्जैन। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में आज भगवान महाकालेश्वर की नगरी व हाल ही में उद्घाटित श्री महाकाल महालोक से 5जी टेक्नालॉजी का प्रारम्भ करते हुए अत्यन्त ही हर्ष हो रहा है। उन्होंने कहा कि 5जी टेक्नालॉजी का उपयोग प्रदेश में गुड गवर्नेंस, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उद्योगों के विकास के लिये किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शाम श्री महाकाल महालोक से रिलायंस जियो की 5जी सेवाओं का शुभारम्भ रिमोट का बटन दबाकर किया।

5जी सेवाओं का शुभारम्भ करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मध्य प्रदेश की प्रगति व विकास के लिये ऐतिहासिक दिन है। 5जी केवल मोबाइल सेवाएं नहीं है, बल्कि नई क्रान्ति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का नारा दिया। हम इसे आगे ले जाकर गौरवशाली व वैभवशाली प्रदेश का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि प्रदेश के इन्दौर शहर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन, ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट एवं जी-20 देशों की समिट आयोजित हो रही है। यह सभी आयोजन प्रदेश की प्रगति को और आगे ले जायेंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की विकास दर 19.76 है। प्रदेश का जीडीपी में योगदान पूर्व में 3.2 था, जो अब 4.6 प्रतिशत हो गया है। यही नहीं जहां वर्ष 2003-04 में प्रतिव्यक्ति आय 13 हजार थी, वह बढ़कर एक लाख 37 हजार रुपये हो गई है। उन्होंने कहा कि महाकाल महाराज से यही प्रार्थना है कि मध्य प्रदेश न केवल देश का बल्कि दुनिया के सबसे अच्छे प्रदेश में से एक हो। उन्होंने कहा कि 5जी सेवा शुरू होने से इंटरनेट की स्पीड 100 एमबीपीएस से बढ़कर 1500 एमबीपीएस हो जायेगी। अब हमारे किसान ड्रोन से यूरिया एवं दवाओं का छिड़काव करेंगे, शिक्षा व चिकित्सा में क्रान्ति आ जायेगी। बेहतर इलाज के लिये दिल्ली-मुम्बई नहीं जाना पड़ेगा। स्मार्ट क्लासों के जरिये अब सुदूर बैठक बच्चों को भी अच्छे शिक्षकों की ऑनलाइन क्लास उपलब्ध होगी। आईटी सेक्टर में क्रान्ति का सूत्रपात होगा। उन्होंने कहा कि हम डीबीटी के जरिये हितग्राहियों के खातों में सीधे राशि भेज रहे हैं, लेकिन अब एक कदम आगे जाकर स्कूली छात्र-छात्राओं को सायकल के लिये ई-वाउचर उपलब्ध कराने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सुरक्षा व अपराधों को रोकने में 5जी टेक्नालॉजी आने से मदद मिलेगी। यही नहीं खनिज सम्पदा की खोज व लॉजिस्टिक क्षेत्र में भी नई क्रान्ति होगी।

रिलायंस ग्लास का लाईव डेमो किया

कार्यक्रम में रिलायंस के सीईओ अमिताभ भाटिया एवं अन्य अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को रिलायंस ग्लास का लाईव डेमो किया गया। इसके द्वारा मनुष्य के हृदय की कार्य प्रणाली को लाईव देखा जा सकता है। लाईव डेमो के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि इस टेक्नालॉजी से देखा कि मनुष्य के हृदय में एक-एक चीज कैसे फंक्शन कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका लाभ यह होगा कि यह टेक्नालॉजी डॉक्टर्स के लिये बहुत काम आयेगी। हार्ट ब्लॉकेज आदि की पहचान तुरन्त की जा सकेगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसके पूर्व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, विधायक बहादुरसिंह चौहान, महापौर  मुकेश टटवाल, जिला अध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला,  जगदीश अग्रवाल, पूर्व सांसद डॉ चिंतामणि मालवीय , पूर्व विधायक  सतीश मालवीय , विशाल राजौरिया, राजपाल सिंह सिसौदिया,  इकबाल सिंह गांधी, कलेक्टर  आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, नगर निगम आयुक्त  रोशन सिंह एवं अन्य गणमान्य नागरिक व अधिकारी  मौजूद थे। कार्यक्रम के अन्त में सीईओ  अमिताभ भाटिया द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।