लहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने उज्जैन में मुख्य कार्यक्रम में झंडा फहराया

लहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने उज्जैन में मुख्य कार्यक्रम में झंडा फहराया

आन, बान, शान से लहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने उज्जैन में मुख्य कार्यक्रम में झंडा फहराया

उज्जैन 26 जनवरी। भारतीय गणतंत्र के 75वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह आज दशहरा मैदान में आयोजित किया गया।  मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने उज्जैन के दशहरा मैदान में झंडा फहराया एवं मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। उज्जैन के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्रीजी द्वारा झंडा फहराया गया है। मुख्य अतिथि डॉ.यादव प्रातः 8.58 बजे दशहरा मैदान पहुंचे तथा यहां उन्होंने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात मुख्यमंत्री ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया एवं आकाश में मुक्त विचरण करने के लिये गुब्बारे छोड़े। कला पथक दल द्वारा मप्र गान का गायन किया गया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मुख्यमंत्री सन्देश का वाचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान इन्दौर द्वारा उज्जैन में सेटेलाईट परिसर स्थापित करने की परियोजना को केन्द्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री श्री धर्मेश प्रधान ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने अपने सन्देश में कहा कि हमारी सरकार ने एक दिन में ही पीएससी से चयनित 700 लोगों को नियुक्ति पत्र दिया है। यह एक तरह का मध्य प्रदेश का नवाचार भी है। हमने अनेक जन-हितैषी कार्य किये हैं, उसे देखकर मैंने निर्णय लिया है कि अपने गृह नगर में ही जाकर मैं ध्वजारोहण करूंगा। यही नहीं सभी मंत्रीगण भी अपने क्षेत्र में आज ध्वजारोहण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने जयश्री महाकाल के उद्घोष के बाद अपने सन्देश का समापन किया।

परेड दल द्वारा राष्ट्रपति की जय का उद्घोष कर हर्षफायर किया गया। तत्पश्चात 32वी एनएसएस प्लाटून, जिला बल पुरूष प्लाटून दल, जिला महिला प्लाटून दल, जिला होमगार्ड, एनसीसी, एनसीसी एमपी सीनियर एवं एनसीसी जुनियर, नेवल प्लाटून, एनएसएस प्लाटून एवं रेडक्रॉस के दल द्वारा मार्चपास्ट किया गया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने सभी परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। डॉ.यादव इसके पश्चात स्वतंत्रता संग्राम सैनानी एवं लोकतंत्र सैनानियों के बीच पहुंचे और शाल एवं श्रीफल से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर आम जनता के बीच पहुंचकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने दी नृत्य की प्रस्तुति, मुख्यमंत्री स्वयं महाकाल की आरती लेने बच्चों के बीच पहुंचे

      गणतंत्र दिवस समारोह में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा दी गई। केन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने “महाकाल सरकार मेरे महाकाल सरकार” पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान महाकाल की आरती की भी प्रस्तुति की गई, जिसे देखकर मुख्यमंत्री डॉ.यादव अपने आपको रोक नहीं पाये एवं छात्राओं के बीच पहुंचकर उन्होंने भगवान महाकाल की आरती ली। भारतीय ज्ञानपीठ महानन्दा नगर स्कूल की छात्राओं ने “आयो रे सुख दिन आयो रे” पर शानदार नृत्य प्रस्तत किया। सेंटमेरी कॉन्वेंट स्कूल के छात्र और छात्राओं ने “पधारो म्हारे देश, रंग रंगीली धरती मेरी, देश मारवाड़” पर नृत्य प्रस्तुत किया। शासकीय कन्या उमावि क्षीर सागर की छात्राओं ने आज “ढोल नगाड़ा बजी शहनाई” पर नृत्य की प्रस्तुति दी। शासकीय कन्या उमावि के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट पीटी का प्रदर्शन किया। पीटी में 220 विद्यार्थी शामिल थे। दिव्य शक्ति पारम्परिक लोककला संस्थान के छात्रों ने श्री अरविंद जोशी एवं सुश्री रजनी नरवरिया के नेतृत्व में श्रीराम तांडव नृत्य पर लाठी का प्रदर्शन किया।

विभिन्न विभागों ने आकर्षक झांकियां निकाली

सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की गई आकर्षक झांकियां निकाली गई। जेल विभाग ने खुली जेल का प्रदर्शन करते हुए झांकी निकाली। उज्जैन विकास प्राधिकरण ने अपने नवनिर्मित नवीन कॉलोनी एवं आत्म निर्भर योजना के तहत युनिटी माल एवं अन्य निर्माण कार्यों के मॉडल को झांकी के द्वारा प्रस्तुत किया। नगर निगम ने स्वच्छता का सन्देश देते हुए झांकी निकाली। महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपनी महिला केन्द्रित योजनाओं की प्रस्तुति झांकी में दिखाई। कृषि विभाग ने जैविक खेती एवं कृषि मित्र योजना को हाईलाईट किया। जिला पंचायत ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आम जनता को मिलने वाली सुविधा को रेखांकित किया। जल संसाधन विभाग की झांकी में जल संरचना एवं उनके भविष्य की परियोजनाओं को झांकी के माध्यम से दर्शाया। उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने अपने प्रसंस्कृत उत्पादों की झांकी निकाली। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने नल जल योजना को रेखांकित किया। मप्रपक्षेविवि कंपनी ने सोलर रूफटॉप योजना को अपनी झांकी में स्थान दिया। एमएसएमई विभाग ने आजीविका मिशन के तहत लोगों को मिल रहे रोजगार को रेखांकित किया। पशु पालन विभाग ने बकरी पालन एवं ब्रीड प्रजनन को झांकी के द्वारा दिखाया। सामाजिक न्याय विभाग ने कमजोरों के अधिकार पर विशेष फोकस किया। इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केन्द्र, राजस्व विभाग, जिला केन्द्रीय बैंक, गृह निर्माण मण्डल, वन विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग, जिला मत्स्य विभाग, रेशम विभाग, जिला परिवहन विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग एवं खाद्य विभाग ने अपनी-अपनी योजनाओं को झांकी के माध्यम से प्रदर्शित किया।

पुरस्कार वितरण

प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने सम्मान प्रमाण-पत्र दिया। परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर जिला पुलिस बल महिला प्लाटून दल को प्रथम पुरस्कार, 32वी वाहिनी सशस्त्र बल को द्वितीय पुरस्कार एवं जिला होमगार्ड को तृतीय पुरस्कार प्रदान किये गये। वहीं झांकी में नगर निगम को प्रथम पुरस्कार, उज्जैन विकास प्राधिकरण को द्वितीय एवं जिला पंचायत को तृतीय पुरस्कार प्रदान किये। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत नृत्य प्रस्तुत करने वाले सभी स्कूलों को मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने सम्मानित किया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने केन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं को “महाकाल सरकार मेरे महाकाल सरकार” पर अदभुत नृत्य प्रस्तुत करने पर विशेष पुरस्कार प्रदान किया।