विक्रमोत्सव 2026: शिव पुराण आयोजन का भव्य समापन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा

centralvoicenews

17/03/2026

उज्जैन | महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ एवं संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत चल रहे पांच दिवसीय शिव पुराण आयोजन का समापन मंगलवार को कालिदास अकादमी के कला संकुल में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। कार्यक्रम में दर्शकों ने देश के विभिन्न राज्यों की लोक एवं शास्त्रीय परंपराओं से सजी प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सायं 7 बजे लोक नृत्यों से हुई, जिसमें तेलंगाना का ओग्गुडोलु, केरल का कथकली, उत्तर प्रदेश की भस्म आरती एवं अघोर रौद्र रूप, मसान की होली व महाकाली रूप तथा उत्तराखंड का छोलिया और महासू देव नृत्य प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों ने अपनी विशिष्ट शैली, वेशभूषा और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके पश्चात सायं 8 बजे नृत्य नाटिका का मंचन हुआ, जिसमें ओडिशा के प्रसिद्ध कलाकार विचित्रानंद स्वेन ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने शिव पुराण की भावभूमि को जीवंत करते हुए दर्शकों से खूब सराहना बटोरी। पांच दिवसीय इस आयोजन के अंतिम दिन प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारतीय लोक परंपराओं की विविधता और समृद्धि को उजागर करते हुए विक्रमोत्सव 2026 को यादगार बना दिया।

Leave a Comment