डॉग ‘लक्की’ बना उज्जैन पुलिस का हीरो, दो अंधे कत्ल सुलझाने में अहम भूमिका; डॉग हैंडलर को ₹10 हजार का पुरस्कार
उज्जैन पुलिस के प्रशिक्षित डॉग ‘लक्की’ और उसके हैंडलर आरक्षक अखिलेश चंद्रवंशी ने दो अंधे हत्या प्रकरणों का खुलासा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने ₹10,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
थाना नागदा के अपराध क्रमांक 391/2026 में 14 जुलाई 2026 को जूना नागदा रोड स्थित ईंट भट्टे के पास एक अज्ञात युवक की हत्या कर शव गड्ढे में छिपाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची डॉग स्क्वॉड टीम में प्रशिक्षित डॉग ‘लक्की’ ने घटना में प्रयुक्त ईंट की गंध के आधार पर वैज्ञानिक ट्रैकिंग करते हुए पुलिस को संदिग्ध आरोपी के ठिकाने तक पहुंचाया। इससे जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली और हत्या का खुलासा करने में सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, थाना नागदा और थाना उन्हेल के अंधे कत्ल के मामलों में भी डॉग ‘लक्की’ और डॉग हैंडलर आरक्षक अखिलेश चंद्रवंशी की भूमिका बेहद अहम रही। उनकी तत्परता, वैज्ञानिक जांच में सहयोग और पेशेवर दक्षता की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों मामलों के लिए कुल ₹10,000 का पुरस्कार प्रदान किया।