Thursday, 12 November 2026ताजा खबरें • भरोसेमंद खबरें
Central Voice News
Regional News Chanel M.P.
यहां विज्ञापन दें
BREAKING
ताजा खबरें पढ़ें
MP न्यूज़

उज्जैन के बागड़िया टावर में भीषण आग से मचा हड़कंप, 15 लोगों का रेस्क्यू; मुस्लिम रहवासियों ने पेश की इंसानियत की मिसाल

प्रकाशित: 11/11/2026 · centralvoicenews

पांच मंजिला इमारत में चारों तरफ फैला धुएं का गुबार, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित निकाला गया; एसपी प्रदीप शर्मा और कलेक्टर रोशन सिंह की मौजूदगी में चला रेस्क्यू ऑपरेशन।

उज्जैन। शहर में पुरानी सेंटर कोतवाली के पास स्थित पांच मंजिला बागड़िया टावर में बुधवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत धुएं के गुबार से घिर गई। बिल्डिंग में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान करीब 15 लोगों के फंसे होने की सूचना पर पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। युद्ध स्तर पर चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

मिल्कीपुरा के मुस्लिम रहवासियों ने पेश की इंसानियत की मिसाल

इस हादसे में सबसे खास बात स्थानीय रहवासियों की भूमिका रही। प्रशासनिक टीम के पहुंचने से पहले ही आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। बागड़िया टावर में बड़ी संख्या में हिंदू परिवार रहते हैं, जबकि पास में स्थित मिल्कीपुरा मुस्लिम बहुल क्षेत्र है। यहां के मुस्लिम रहवासियों ने बिना किसी भेदभाव के अपनी जान की परवाह किए बिना इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों की तत्परता से कई लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। संकट की इस घड़ी में सामाजिक सौहार्द और इंसानियत की मिसाल देखने को मिली।

लोहे की खिड़कियां तोड़कर निकाले गए लोग

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रदीप शर्मा और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग के आधा दर्जन से अधिक वाहनों को आग बुझाने के काम में लगाया गया। इमारत की ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए लोहे की खिड़कियां तोड़ी गईं और सीढ़ियों की मदद से रेस्क्यू किया गया। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इमारत में धुआं भर जाने के कारण कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। एहतियात के तौर पर कुछ लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, बिल्डिंग की छत पर थाना प्रभारी सहित करीब आधा दर्जन लोग भी फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।

कबाड़ की दुकान में आग लगने से हादसे की आशंका

क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि मोहित जायसवाल के अनुसार, बिल्डिंग के निचले हिस्से में स्थित एक दुकान में बड़ी मात्रा में कबाड़ रखा हुआ था। आशंका है कि इसी दुकान में आग लगने के बाद लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

विधायक अनिल जैन भी पहुंचे मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।

प्रशासन का दावा- हादसे में कोई जनहानि नहीं

एसपी प्रदीप शर्मा और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय रहवासियों के सहयोग से बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इमारत में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। धुएं के कारण कुछ लोगों को घुटन और परेशानी हुई थी, जिन्हें एहतियातन अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक सभी की स्थिति ठीक है।

बागड़िया टावर में लगी आग ने जहां पूरे शहर को हिलाकर रख दिया, वहीं इस मुश्किल घड़ी में मिल्कीपुरा के रहवासियों द्वारा दिखाई गई एकजुटता ने यह संदेश दिया कि इंसानियत और मदद का कोई धर्म नहीं होता।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *