उज्जैन जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण हेतु निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप सिंह ,एसडीओपी खाचरोद श्रीमती आकांक्षा बेछोटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खाचरोद धनसिंह नलवाया के नेतृत्व में चोरी गई भैंसों की तलाश एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण
फरियादी गोवर्धनलाल पाटीदार निवासी खाचरोद ने थाना खाचरोद पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि थड़ोदा रोड स्थित उसके टीन शेड में भैंस व पाड़ी बंधी हुई थी। इसी प्रकार रेलवे लाइन के पास पर्वतसिंह की भैंसें बंधी थीं। अज्ञात बदमाश पर्वतसिंह की दो भैंसें चोरी कर फरियादी के टीन शेड तक लाए तथा ताला तोड़कर उसकी भैंस व पाड़ी को भी किसी लोडिंग वाहन में भरकर चोरी कर ले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना खाचरोद में अपराध क्रमांक 362/2026, धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही
पुलिस टीम द्वारा खाचरोद कस्बे एवं रतलाम मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में भैंस चोरी करने वाली देवीसिंह कटारा की गैंग के शामिल होने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।
दिनांक 13 एवं 14 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात पुलिस टीम ने रानीसिंग, रावटी स्टेशन रोड पर नाकाबंदी कर घटना में प्रयुक्त हरे रंग की पिकअप वाहन क्रमांक MP-45-ZK-0783 को पकड़ा। पुलिस को देखकर वाहन में सवार कुछ आरोपी चलती गाड़ी से कूदकर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर गैंग के सरगना देवीसिंह कटारा एवं पिकअप चालक नरेश को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी देवीसिंह द्वारा पिकअप वाहन में भरी भैंसों को थड़ोदा से चोरी करना स्वीकार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से चोरी की 03 भैंसें एवं 01 पाड़ी, साथ ही घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। फरार आरोपियों एवं अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।