Ujjain News उज्जैन जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के आदेश और अधिकारियों के निर्देशन में जिलेभर में 8 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई कर रही हैं।
उज्जैन शहर की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल 55 पाव देशी मदिरा बरामद की गई।
वहीं महिदपुर क्षेत्र में हाथ भट्टी मदिरा निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 लीटर महुआ मदिरा और करीब 300 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। खाचरौद और तराना क्षेत्र में भी महुआ लहान जब्त कर प्रकरण दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग के अनुसार जिलेभर में की गई कार्रवाई में 9 प्रकरण दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त वाहनों और मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 49 हजार 885 रुपये बताई गई है।
🚔 होटल-ढाबों से लेकर औद्योगिक क्षेत्रों तक चेकिंग
आबकारी की टीमें उज्जैन, महिदपुर, बड़नगर, खाचरौद और तराना सहित अलग-अलग क्षेत्रों में होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन, स्लम एरिया और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग कर रही हैं।
उज्जैन की टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ विक्रम उद्योगपुरी स्थित Symbiotec Pharma और Srinivasa Pharma का निरीक्षण भी किया। टीम ने वहां इस्तेमाल होने वाले इथेनॉल, मेथेनॉल और आइसोप्रोपाइल अल्कोहल के स्टोरेज और उपयोग से संबंधित जानकारी ली।
बड़नगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश के साथ सीमा से आने वाले वाहनों की भी सघन जांच की गई। होटल-ढाबों और रेस्टोरेंट की भी चेकिंग की गई। सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन ने कहा कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, परिवहन और संग्रहण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
है।