NEET-2026 परीक्षार्थियों के लिए महाकाल मंदिर की विशेष पहल, 8 परीक्षा केंद्रों पर निःशुल्क जलपान और अल्पाहार की व्यवस्था

centralvoicenews

21/06/2026

उज्जैन |  NEET-2026 परीक्षा को लेकर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्रों पर निःशुल्क जलपान और अल्पाहार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि परीक्षार्थी सकारात्मक माहौल में परीक्षा दे सकें।

उज्जैन में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-2026 परीक्षा के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है।

प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप जिले के 8 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने वाले लगभग 4,171 परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए निःशुल्क जलपान एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले आवश्यक सुविधाएं मिलें और वे सकारात्मक एवं तनावमुक्त वातावरण में अपनी परीक्षा दे सकें।

गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, गवर्नमेंट गर्ल्स पीजी कॉलेज, उत्कृष्ट विद्यालय माधव नगर, कालिदास गर्ल्स कॉलेज, महाराजवाड़ा क्रमांक-2 स्कूल और गर्ल्स स्कूल सराफा सहित कुल 8 परीक्षा केंद्रों पर यह व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।

व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए सहायक प्रशासकों, प्रभारी अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी उप प्रशासक एवं डिप्टी कलेक्टर सिम्मी यादव को सौंपी गई है।

Leave a Comment