मुख्यमंत्री ‘महाकाल लोक’ की लोकार्पण आयोजक समिति की बैठक में शामिल हुए

मुख्यमंत्री ‘महाकाल लोक’ की लोकार्पण आयोजक समिति की बैठक में शामिल हुए

मुख्यमंत्री ‘महाकाल लोक’ की लोकार्पण आयोजक समिति की बैठक में शामिल हुए

उज्जैन । प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को कालिदास संस्कृत अकादमी के पं.सूर्यनारायण व्यास संकुल सभागृह में महाकाल मन्दिर विस्तारीकरण योजना के प्रथम चरण के अन्तर्गत महाकाल लोक की लोकार्पण आयोजक समिति की बैठक में शामिल हुए। इस दौरान मंच पर सन्तजन श्री माधव रंगनाथाचार्यजी महाराज, महन्त रामेश्वरदास, बालयोगी श्री उमेशनाथजी महाराज, महन्त श्री शान्तिस्वरूपानंदजी महाराज, आचार्य श्री शेखरजी महाराज, महाकालेश्वर मन्दिर के मुख्य पुजारी पं.घनश्याम गुरू, महन्त श्री विनीत गिरीजी, श्री माखनसिंह, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री बहादुरसिंह चौहान, श्री बहादुरसिंह बोरमुंडला, श्री इकबालसिंह गांधी, श्री विशाल राजौरिया, इस्कॉन मन्दिर के प्रतिनिधि, कलेक्टर श्री आशीष सिंह और अन्य गणमान्य नागरिक तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बैठक में कहा कि हम सबके लिये अत्यन्त गौरव और प्रसन्नता के क्षण हैं। आज महाकाल लोक के लोकार्पण की आयोजन समिति की पहली बैठक हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सिंहस्थ का समय याद आ रहा है। उस समय यह विचार हुआ था कि भगवान महाकाल की हम सब पर कृपा सदैव बरसती है। उस समय उज्जैन में कई विकास के कार्य हुए थे। मन्दिर के दर्शन के बाद ऐसी रचना की आवश्यकता थी, जिसमें शिवलोक के दर्शन हो सकें। महाकाल महाराज परिसर को विस्तारित होना चाहिये। इसकी रूपरेखा वर्ष 2020 में आयोजित बैठक में बनाई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में महाकाल मन्दिर परिसर विस्तार योजना के तहत विकास कार्य दो चरणों में किये जाने पर विचार-विमर्श किया गया। दूसरे चरण में लगभग 310 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास के कार्य होंगे। दोनों चरणों को मिलाकर 800 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य और सौंदर्यीकरण कार्य किये जायेंगे। प्रथम चरण में विस्तार के पश्चात जो रचना हुई है। वह आम जनता के देखे जाने के लिये उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इसका लोकार्पण देश के प्रधानमंत्री द्वारा किया जाना प्रस्तावित किया गया।

महाकाल महाराज मन्दिर विस्तारीकरण योजना के द्वितीय चरण में महाराजवाड़ा को हैरिटेज होटल के रूप में विकसित करने, रूद्र सागर के सौंदर्यीकरण, हॉकर्स झोन विकसित करने, रूद्र सागर के पश्चिमी मार्ग का विस्तारीकरण करने और अन्य महत्वपूर्ण कार्य किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल लोक का लोकार्पण कार्यक्रम सबका आयोजन है। इसमें आमजन जुड़ सकें और जनता अपनी ओर से आवश्यक योगदान दे सके। इसी उद्देश्य से लोकार्पण के आयोजन की समिति बनाई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान करने के लिये आज आयोजित इस बैठक में सभी के आवश्यक सुझाव प्राप्त किये जायेंगे और उन पर विचार किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समाज को जोड़ने का आयोजन है। विभिन्न समाज, वर्ग और धर्म के लोग इससे जुड़ेंगे। लोकार्पण के पूर्व उत्सव का एक वातावरण निर्मित होगा। विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन 5 अक्टूबर से प्रारम्भ हो जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि महाकाल कॉरिडोर का नाम सबकी सहमति से श्री महाकाल लोक कर दिया गया है। आज उज्जैन में आयोजित हुई कैबिनेट की बैठक में लिये गये तीन प्रमुख निर्णयों के बारे में मुख्यमंत्री ने समिति की बैठक में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दताना स्थित हवाई पट्टी का विस्तारीकरण किया जायेगा। शिप्रा नदी को स्वच्छ और सदा प्रवाहमान बनाये रखने के लिये सीवरेज के पानी को डायवर्ट किया जायेगा। इसके अलावा भगवान महाकालेश्वर की सवारी में चलने वाले पुलिस बैण्ड का विस्तार किया जायेगा। इसमें और सदस्यों को जोड़ा जायेगा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने सन्तजन से तथा उपस्थित आमजन से लोकार्पण समारोह के सम्बन्ध में आवश्यक सुझाव प्राप्त किये।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि लोकार्पण समारोह को भव्यता प्रदान करने के लिये दशहरे पर भगवान महाकालेश्वर की सवारी को भव्य रूप प्रदान किया जायेगा। उज्जैन के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में देवस्थानों पर विद्युत सज्जा की जायेगी। विभिन्न स्थानों पर सुन्दरकाण्ड और भजन का आयोजन किया जायेगा। भगवान महाकालेश्वर के प्राकट्य पर आधारित नाट्य होगा। पूरे शहर में अलग-अलग स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजि किये जायेंगे। सन्तों का समागम होगा। 10 और 11 अक्टूबर को रूद्राभिषेक और अन्य धार्मिक आयोजन तथा अनुष्ठान किये जायेंगे।

श्री शान्तिस्वरूपानंदजी महाराज ने 11 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में पूरे देश के सन्तों, बारह ज्योतिर्लिंग के प्रमुख पुजारी और महन्तों को निमंत्रित करने का सुझाव दिया। आचार्य शेखर महाराज ने श्री राम जनार्दन मन्दिर के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने का सुझाव दिया।

इसी प्रकार बैठक में मुख्यमंत्री के नाम से गांव-गांव और घर-घर में निमंत्रण-पत्र भेजे जाने, महाकाल लोक का नाम महाकालेश्वर लोक किये जाने, 11 अक्टूबर को प्रत्येक घर में ध्वजा फहराने, सर्वधर्म समाज की यात्रा निकाले जाने आदि महत्वपूर्ण सुझाव दिये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग अपने सुझाव लिखित में भी कलेक्टर को उपलब्ध करा सकते हैं। सभी सुझावों पर समिति के सदस्यों द्वारा विचार किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 अक्टूबर को उज्जैन में स्थानीय अवकाश रहेगा। आयोजन समिति द्वारा विभिन्न कार्यों के लिये उप समितियां बनाई जायें। शहर में दीपावली के पूर्व दीपोत्सव 11 अक्टूबर को किया जाये। यह हमारे लिये बहुत बड़ा कार्यक्रम है। इसका प्रसारण पूरे देश में होगा। सभी लोग इससे जुड़ें और लोकार्पण समारोह को भव्यता प्रदान करें।